धोबनी-बेलादुला मार्ग का निर्माण शुरू, विद्यार्थियों और राहगीरों को मिलेगी राहत
धोबनी ( सरसीवा ) – लंबे समय से खराब सड़क की समस्या से जूझ रहे क्षेत्रवासियों के लिए राहत भरी खबर है। धोबनी से बेलादुला मार्ग का निर्माण कार्य शुरू हो गया है। लोक निर्माण विभाग (PWD) प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत सड़क निर्माण कार्य शुरू होने से स्थानीय नागरिकों, राहगीरों और प्रतिदिन स्कूल आने-जाने वाले छात्र-छात्राओं में खुशी का माहौल है।
गौरतलब है कि बरसात के मौसम में धोबनी-बेलादुला मार्ग की स्थिति काफी खराब हो गई थी। सड़क पर जगह-जगह गड्ढे होने और उनमें बारिश का पानी भर जाने से आवागमन करना मुश्किल हो गया था। इसका सबसे अधिक असर साइकिल से स्कूल आने-जाने वाले विद्यार्थियों पर पड़ रहा था। खराब सड़क के कारण विद्यार्थियों को प्रतिदिन परेशानियों का सामना करना पड़ता था।
निर्माण शुरू होने से जगी राहत की उम्मीद
अब सड़क निर्माण कार्य शुरू होने से क्षेत्रवासियों को उम्मीद है कि जल्द ही आवागमन की समस्या से निजात मिलेगी। सड़क बनने के बाद राहगीरों का सफर आसान होगा और विद्यार्थियों को भी सुरक्षित एवं सुविधाजनक आवागमन का लाभ मिलेगा। इससे समय की बचत होने के साथ ही बरसात के दिनों में होने वाली परेशानियों में भी कमी आने की उम्मीद है।
स्थानीय नागरिकों और विद्यार्थियों को आशा है कि निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा किया जाएगा, ताकि लंबे समय से चली आ रही समस्या का स्थायी समाधान हो सके।
धोबनी-बेलादुला मार्ग का निर्माण क्षेत्र के विकास और आवागमन की सुविधा की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। अब क्षेत्रवासियों की नजर इस बात पर है कि सड़क निर्माण कार्य जल्द पूरा हो, जिससे उन्हें बेहतर सड़क सुविधा का लाभ मिल सके।












