धोबनी में शारदीय नवरात्रि में मां दुर्गा के दरबार में उमड़ रहे श्रद्धालु
आजाद चौक, देव चौक, विद्यासागर चौक और शांतिनगर में विराजमान मां दुर्गा की प्रतिमाएं
धोबनी ( सरसीवा ) – शारदीय नवरात्रि के पावन पर्व पर धोबनी में भक्तिमय माहौल देखने को मिल रहा है। गांव में मां दुर्गा की आराधना को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह है। इस बार गांव में चार अलग-अलग स्थानों पर मां दुर्गा की प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु माँ दुर्गा के दरबार में पहुंचकर माता की पूजा-अर्चना कर रहे हैं।
गांव के आजाद चौक, देव चौक, विद्यासागर चौक और शांतिनगर में मां दुर्गा की प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं। नवरात्रि के दौरान चारों स्थानों पर धार्मिक आयोजन और माता की भक्ति का विशेष माहौल बना हुआ है। शाम होते ही माता के दरबारों में श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने लगती है। माता के जयकारों और भक्ति गीतों से पूरा गांव भक्तिमय हो उठता है।
वहीं, माता की सेवा और भक्ति में श्रद्धालु पूरी श्रद्धा के साथ लीन नजर आते हैं। गांव की महिलाएं भी शाम होते ही पूजा की थाली सजाकर मां दुर्गा के दरबार में पहुंचती हैं। दीप प्रज्वलित कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना करती हैं और परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली एवं शांति की कामना करते हुए मां का आशीर्वाद प्राप्त करती हैं।
नवरात्रि के इस पावन अवसर पर धोबनी में आस्था, भक्ति और सामाजिक एकता का सुंदर संगम देखने को मिल रहा है। चारों पूजा पंडालों में श्रद्धालुओं की सक्रिय भागीदारी से गांव का वातावरण पूरी तरह भक्तिमय बना हुआ है। मां दुर्गा की आराधना के साथ पूरा गांव शक्ति, श्रद्धा और उत्साह के रंग में रंगा नजर आ रहा है।












