ग्राम पंचायत पंडरीपानी में मेधावी छात्र-छात्राएं सम्मानित
बिलाईगढ़ – स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर ग्राम पंचायत पंडरीपानी में शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को प्रोत्साहित करने के लिए विशेष सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में ग्राम पंचायत की सरपंच श्रीमती नीरा साहू ने शासकीय प्राथमिक शाला एवं शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला पंडरीपानी तथा नवापारा में कक्षा 5वीं और 8वीं की परीक्षाओं में अपने विद्यालय में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को चांदी का मेडल पहनाकर सम्मानित किया।
सम्मानित विद्यार्थियों में शासकीय प्राथमिक शाला एवं पूर्व माध्यमिक शाला पंडरीपानी से सुजाता डहरिया, पिता सुरेश डहरिया, कक्षा 5वीं तथा कोमल साहू, पिता नान्हूराम साहू, कक्षा 8वीं शामिल रहे। वहीं शासकीय प्राथमिक शाला एवं पूर्व माध्यमिक शाला नवापारा से मानसी साहू, पिता टीकाराम साहू, कक्षा 5वीं तथा सेवती बंजारे, पिता महारती बंजारे, कक्षा 8वीं को सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर सरपंच प्रतिनिधि प्रहलाद साहू सहित ग्राम पंचायत के गणमान्य नागरिक, शिक्षकगण एवं अभिभावक उपस्थित रहे। अतिथियों ने मेधावी विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की तथा उन्हें निरंतर मेहनत, लगन और अनुशासन के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
सम्मान समारोह से विद्यार्थियों के साथ-साथ उनके अभिभावकों में भी उत्साह और खुशी का माहौल रहा। ग्राम पंचायत द्वारा शिक्षा के क्षेत्र में प्रतिभावान बच्चों को सम्मानित करने की इस पहल की उपस्थित लोगों ने सराहना की।














