16 जून से प्रदेशभर में खुलेंगे स्कूल, बच्चों की किलकारियों से गूंजेंगे परिसर

16 जून से प्रदेशभर में खुलेंगे स्कूल, बच्चों की किलकारियों से गूंजेंगे परिसर
सरसीवा – छत्तीसगढ़ प्रदेश में शैक्षणिक सत्र 2026-27 का शुभारंभ 16 जून से होने जा रहा है। प्रदेश के सभी शासकीय एवं अशासकीय विद्यालय निर्धारित तिथि से संचालित होंगे। नए शिक्षा सत्र के स्वागत के लिए स्कूलों में प्रवेश उत्सव की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। राज्य सरकार द्वारा प्रवेश उत्सव को उत्साहपूर्ण एवं आकर्षक ढंग से आयोजित करने के निर्देश भी जारी किए गए हैं।

प्रदेश में इन दिनों पड़ रही भीषण गर्मी के बावजूद अब तक विद्यालयों के संचालन की तिथि आगे बढ़ाने संबंधी कोई आदेश जारी नहीं किया गया है। ऐसे में 16 जून से ही प्रदेशभर के विद्यालयों में नियमित रूप से पढ़ाई शुरू हो जाएगी। स्कूल खुलने के साथ ही लंबे ग्रीष्मकालीन अवकाश के बाद एक बार फिर विद्यालय परिसर बच्चों की चहल-पहल और किलकारियों से गूंज उठेंगे।
नए सत्र को लेकर विद्यार्थियों में भी खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। बच्चे नई किताबें, नई कॉपियां, स्कूल बैग और यूनिफॉर्म के साथ विद्यालय पहुंचने की तैयारी में जुटे हुए हैं। वहीं शिक्षक एवं विद्यालय प्रबंधन भी विद्यार्थियों के स्वागत के लिए विशेष व्यवस्थाएं कर रहे हैं।
प्रवेश उत्सव के माध्यम से नए विद्यार्थियों का स्वागत किया जाएगा तथा अभिभावकों को भी शिक्षा के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया जाएगा। शिक्षा विभाग का उद्देश्य अधिक से अधिक बच्चों का विद्यालयों में प्रवेश सुनिश्चित करना और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना है।
16 जून से विद्यालयों के पुनः प्रारंभ होने के साथ ही प्रदेश में शिक्षा गतिविधियों का नया अध्याय शुरू होगा और विद्यार्थियों की पढ़ाई-लिखाई का सिलसिला फिर से गति पकड़ेगा।