रक्षाबंधन को लेकर बाजारों में बढ़ी रौनक, राखी और मिठाइयों की खरीदारी में जुटे लोग
सरसीवा – 27 अगस्त 2026 रक्षाबंधन पर्व को लेकर क्षेत्र के बाजारों में उत्साह और रौनक देखने को मिल रही है। पर्व से एक दिन पहले ही बड़ी संख्या में लोग अपने परिवार के साथ बाजार पहुंचकर राखी, मिठाई और अन्य आवश्यक सामानों की खरीदारी करते नजर आ रहे हैं। रंग-बिरंगी और आकर्षक राखियों से बाजार की दुकानें सज गई हैं।
रक्षाबंधन को लेकर बहनों में विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है। महिलाएं अपनी पसंद की राखियां खरीदने के साथ भाइयों के लिए मिठाइयां और उपहार भी खरीद रही हैं। बाजारों में सुबह से ही ग्राहकों की आवाजाही बढ़ गई है।
इस बार राखियों की कीमतों में पिछले वर्ष की तुलना में बढ़ोतरी की बात ग्राहक बता रहे हैं। महिलाओं का कहना है कि इस वर्ष राखियां कुछ महंगी मिल रही हैं। इसके बावजूद भाई-बहन के पवित्र रिश्ते के इस पर्व को लेकर लोगों में उत्साह कम नहीं हुआ है।
राखियों के साथ मिठाइयों और ड्राई फ्रूट्स की मांग भी बढ़ी है। रक्षाबंधन को लेकर मिठाई दुकानों में भी विशेष तैयारियां की गई हैं। बाजार में मिठाइयों के साथ राखी की दुकानों पर भी अच्छी-खासी भीड़ देखने को मिल रही है।
राखी बांधने का शुभ मुहूर्त
इस वर्ष रक्षाबंधन 28 अगस्त 2026, शुक्रवार को मनाया जाएगा। राखी बांधने का शुभ समय सुबह 5:57 बजे से 9:48 बजे तक बताया गया है। इस अवधि में भद्रा समाप्त हो चुकी होगी और पूर्णिमा तिथि भी रहेगी। ऐसे में बहनें इस शुभ समय में अपने भाइयों की कलाई पर राखी बांध सकती हैं।
दुकानदारों को उम्मीद है कि रक्षाबंधन के दिन तक बाजार में खरीदारी और बढ़ेगी। पर्व को लेकर बाजारों में बढ़ी चहल-पहल से व्यापारियों के चेहरे पर भी खुशी नजर आ रही है।















